भोपाल।।मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार में स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्री लाल सिंह आर्य की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कांग्रेस विधायक माखन जाटव मर्डर केस में भिंड की जिला अदालत ने मंत्री को फिर से आरोपी बनाते हुए 14 सितंबर को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। सेशन कोर्ट के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार गुप्ता ने आर्य के खिलाफ 25 हजार रुपए का जमानती वारंट जारी किया है। इससे पहले सीबीआई जांच में आर्य को आरोपी नहीं बनाया गया था। गोहाद के विधायक माखनलाल जाटव की हत्या लोकसभा चुनाव के दौरान 13 अप्रैल 2009 को कर दी गई थी। तब कांग्रेस ने इसे राजनीतिक हत्या करार देते हुए लाल सिंह आर्य पर सीधे तौर पर आरोप लगाया था। लाल सिंह आर्य को माखन जाटव ने 2008 के विधानसभा चुनावों में करारी शिकस्त दी थी।