कर्नाटक में किसकी बनेगी सरकार जैसे सवालों पर अब विराम लग गया । राज्यपाल वजुभाई वाला ने बीजेपी विधायक दल के नेता बीएस येदियुरप्पा को सरकार बनाने का न्योता दिया है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव ने तमाम अटकलों को खारिज करते हुए मीडिया को यह जानकारी दी कि येदियुरप्पा को सरकार बनाने के लिए बुलाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव बताया कि येदियुरप्पा गुरुवार सुबह नौ बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मुरलीधर राव ने बताया कि राज्यपाल ने येदियुरप्पा को बहुमत सिद्ध करने के लिए 15 दिनों को समय दिया है।
कर्नाटक में कुल 222 सीटों पर चुनाव हुए थे, जिसमें से भाजपा को 104, कांग्रेस को 78 और जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) को 37 सीटें मिली थीं।
भाजपा सबसे बड़े दल के तौर पर उभरी लेकिन बहुमत से चूक गई। ऐसी स्थिति में कांग्रेस ने भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए तीसरे नंबर की पार्टी जेडीएस को समर्थन का ऐलान कर दिया था। इसके बाद जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने भी राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। कांग्रेस और जेडीएस के पास कुल मिलाकर 115 सीटें हैं जो बहुमत के आंकड़े से तीन अधिक हैं।