71वां गणतंत्र दिवस दिल्ली के शाहीन बाग में इस बार कुछ अलग तरीके से मनाया गया। नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों ने रात को पहले संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और सुबह होते ही तिरंगों के साथ गणतंत्र दिवस का स्वागत किया, हजारों की संख्या में मौजूद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रगान भी गाया।
CAA की मुखालफत में 15 दिसंबर से शाहीन बाग में विरोध-प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने तिरंगा लहराकर राष्ट्रगान गाया और तिरंगे को सलामी दी। हजारों की भीड़ के बीच यहां संविधान की प्रस्तावना पढ़ी गई और केंद्र से इस कानून को वापस लेने की मांग की गई।पूरे शाहीन बाग में भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लग रहे थे। वहीं कई लोग नागरिकता कानून का विरोध भी जताते दिखे।
शाहीन बाग के अलावा दिल्ली के खुरेजी में भी नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। यहां के लोगों ने भी इस गणतंत्र दिवस को कुछ खास अंदाज में मनाया। यहां महिलाओं ने तिरंगे के रंग में रंगा हुआ हिजाब पहना हुआ था। वहीं महिलाओं के हाथों में तिरंगे वाली चूड़ियां दिखीं। खुरेजी और शाहीन बाग से देशभक्ति की मिसाल देती हुई ऐसी कई तस्वीरें देखने को मिली।
आपको बता दें कि पिछले करीब 40 दिनों से शाहीन बाग में महिलाएं नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं। महिलाओं का कहना है कि जब तक ये कानून वापस नहीं लिया जाता उनका प्रदर्शन चलता रहेगा। इस प्रदर्शन के खिलाफ हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर की गई हैं। दिल्ली पुलिस भी लगातार लोगों से प्रदर्शन की जगह बदलने की अपील कर रही है।